उत्तराखंड में 'पहाडों का राजा' गुलदार (लैपर्ड) का बस्ती वाली जगहों पर जाना आम बात हो गई है। ऐसे ही एक वाकये ने हरिद्वार की पुलिस लाइन में पुलिसवालों के होश उड़ा दिए।
कार के नीचे छुपकर बैठ गया
हरिद्वार के पुलिस लाइन में सोमवार सुबह गुलदार घुसने से हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने गुलदार को भगाने के काफी प्रयास किए गए लेकिन गुलदार कार के नीचे छुपकर बैठ गया। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने इसकी जानकारी अपने शीर्ष अधिकारियों और राजाजी पार्क प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही राजाजी नेशनल पार्क की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को पकड़ लिया। राजाजी नेशनल पार्क के हरिद्वार रेंजर चमन लाल ने बताया कि पुलिस लाइन और रोशनाबाद जेल के आसपास गुलदार के सक्रिय होने की सूचना काफी दिनों से आ रही थी।
गुलदार जख्मी हो गया
गुलदार की उम्र छह माह थी। अपनी मां से बिछड़ने के कारण ही वह पुलिस लाइन में घुसा होगा। पुलिस लाइन में भीड़ इकट्ठा होने से गुलदार डर के मारे कार के नीचे घुस गया। ईंट का टुकड़ा लगने से गुलदार जख्मी हो गया था। आठ बजे राजाजी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की ओर से उसे रोशनाबाद के नजदीक रावली बीट जंगल में छोड़ा गया। गुलदार को पकड़ने वालों में राजवीर सिंह, डीपी बडोनी, प्रेमचंद आदि थे।
भूपतवाला में गुलदार से दहशत
भूपतवाला के सत्यम विहार कालोनी में गुलदार के सक्रिय होने से स्थानीय निवासियों में दहशत है। राजाजी पार्क की खड़खड़ी बीट में गुलदार जंगल से आवासीय कालोनियों में घुसकर पालतू जानवरों को अपना निवाला बना रहा है। सत्यम विहार कालोनी के निवासियों ने गुलदार से निजात दिलाने की मांग की है।