आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर बिजली बिल माफ करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम के एई को ज्ञापन भी दिया। चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष सुधीर डोभाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि उत्तराखंड के बिजली प्रदेश होने के बावजूद राज्य के लोगों को महंगी बिजली मिल रही है। सुधीर डोभाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने बांध बनाने के लिए अपनी जमीनें दीं, लेकिन दुर्भाग्य है कि जिस राज्य में बिजली बनती है, वहीं के लोगों को सबसे महंगी बिजली मिल रही है। कहा कि दिल्ली में बाहरी राज्यों से बिजली खरीदी जाती है और दिल्ली सरकार अपनी जनता को मुफ्त बिजली देती है। कहा कि कोरोना काल में लोगों का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।
इसके बाद भी सरकार ने बिजली के दामों में वृद्धि की है। उन्होेंने राज्य सरकार से जनता के बिजली बिलों को माफ करने और दिल्ली की तर्ज पर उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई। वहीं, ऊर्जा निगम के एई पंकज थपलियाल ने कहा कि ज्ञापन उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। इस अवसर पर सुनील पंवार, सुमित दयाल, हरपाल सिंह खत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।