देहरादून। जिले में कोरोना के टीकों की किल्लत बनी हुई है। ज्यादातर दूसरी खुराक ही लोगों को लग पा रही है। टीकों की कमी के चलते पहली खुराक बहुत कम लोगों को लग रही है। उसमें भी कोविशील्ड के टीके नहीं मिल पा रहे हैं। मंगलवार को भी केंद्रों पर टीकों की कमी बनी रही। इसके चलते कई टीकाकरण केंद्रों में सुबह 11 बजे ही टीकाकरण का कार्य निपटा दिया गया। कई केंद्रों से लोगों को बिना टीका लगवाए ही लौटना पड़ा।
सीएमओ दफ्तर में टीके खत्म होने के कारण देहरादून शहर में बुधवार को ज्यादातर केंद्रों पर टीके नहीं लग पाएंगे। कुछ ही केंद्रों पर सिर्फ लगभग 400 टीके लगने की संभावना है। जिले के पर्वतीय और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को टीके लग पाएंगे। जिले में बुधवार को 9300 लोगों को ही टीका लग पाएगा। टीकाकरण के लिए जनपद में कुल 83 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 24 केंद्रों पर पहली और 59 केंद्रों पर दूसरी खुराक लगाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार पांडे ने बताया कि जिले में सीएमओ कार्यालय में टीके खत्म हो चुके हैं। पूर्व में केंद्रों में जो टीके भेजे गए हैं, वही लोगों को लगाए जा रहे हैं। शहर में बुधवार को टीकाकरण लगभग बंद ही रहेगा। टीके के लिए महानिदेशालय को डिमांड भेजी गई है। टीके आते ही अधिक से अधिक लोगों को टीके लगाए जाएंगे।