देहरादून। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल से मुलाकात कर वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह व जिला अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह थापली ने किया।
संगठन ने बताया कि एक अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर उत्तराखंड सरकार ने चौधरी ओमवीर सिंह, शेर सिंह थापली, प्रवीण चन्द खंतवाल, प्रेम दत्त तैलंग और जयपाल सिंह सहित कई वरिष्ठजनों को समाज सेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया है। वर्तमान में देहरादून में कार्यरत कार्मिकों से अधिक संख्या पेंशनर्स की है, जिनमें से कई अकेले रहते हैं क्योंकि उनके बच्चे बाहर कार्यरत हैं। प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताई कि जिले में पिछले एक वर्ष में चार बुजुर्गों की हत्या हो चुकी है। संगठन ने मांग की कि अकेले रहने वाले बुजुर्गों का थाना-वार डेटाबेस तैयार कर पुलिस नियमित कुशलक्षेम पूछे। साथ ही तत्काल सहायता के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए। इसके अतिरिक्त, रायपुर की विष्णु लोक कॉलोनी में छह अक्तूबर को हुई तीन लोगों की नृशंस हत्या की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने तथा नगर निगम के 100 वार्डों में खाली पड़े प्लॉटों पर बाउंड्रीवॉल व गेट लगवाकर ताला लगाने की व्यवस्था की मांग की गई, ताकि असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक लग सके।