देहरादून के पटेलनगर और क्लेमेंटटाउन पुलिस ने चोरी की दो वारदातों में लिप्त रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की स्कूटी और छह मोबाइल बरामद हुए हैं।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के लोहिया नगर में बृहस्पतिवार रात को तीन घरों से चोरों ने छह मोबाइल चोरी कर लिए थे। बाजार चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू कर दी थी।
पुलिस ने अब्दुल मलिक निवासी चमन पुरी और रिजवान निवासी महबूब कॉलोनी पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी के मोबाइल भी मिल गए। चौकी प्रभारी नरोत्तम बिष्ट ने बताया कि अब्दुल मलिक पहले भी चोरी में जेल जा चुका है। मलिक की एक चप्पल भागते समय मौके पर रह गई थी।
उधर, क्लेमेंटटाउन की तिब्बत कॉलोनी निवासी त्सेरिंग यौदों की स्कूटी दुकान के सामने से चोरी हो गई थी। महिला ने स्कूटी एक माह पहले ही खरीदी थी।
पुलिस ने सूचना मिलने के चार घंटे बाद ही स्कूटी चुराने वाले इमरान खान निवासी ओगल भट्टा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पिता एयरफोर्स में सिविल गार्ड हैं और नशे की लत पूरा करने के लिए यह चोरी की थी। चोर को पकड़ने में चौकी बाईपास के सिपाही चंद्रमोहन सिंह की भूमिका सराहनीय रही है।