देहरादून स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को एक कर हरित क्षेत्र बनाने की योजना शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत को नहीं भाई। उन्होंने इस बात पर विरोध जताया कि व्यस्त यातायात वाली सुभाष रोड को बंद करने से शहर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो जाएगी। उन्होंने स्मार्ट सिटी के सीईओ को इस योजना पर दोबारा विचार करने के आदेश दिए। ये मुद्दा शुक्रवार को विधानसभा में आयोजित शहरी विकास विभाग की समीक्षा बैठक में उठा।
दरअसल, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गांधी पार्क और परेड ग्राउंड के बीच से गुजरने वाली करीब 150 मीटर सुभाष रोड को बंद करने के बाद पूरे क्षेत्र को ग्रीन बनाने की योजना है। यानी गांधी पार्क का दायरा परेड ग्राउंड तक फैल जाएगा। इस योजना के लिए सरकार ने 20 करोड़ 87 लाख रुपये का बजट भी पास कर दिया है। इस योजना को लेकर मंत्री बंशीधर भगत चिंतित नजर आए।
उन्होंने कहा कि इतनी व्यस्त ट्रैफिक वाली सड़क को अगर बंद कर देंगे तो लोगों के वाहन कहां से जाएंगे। इस पर स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि वाहनों का रूट परिवर्तित (डायवर्ट) किया जाएगा। मंत्री इस बात से संतुष्ट नजर नहीं आए।
उन्होंने सवाल उठाया कि पहले ही इतने हरे-भरे परेड ग्राउंड की हरियाली खत्म की जा चुकी है। अब गांधी पार्क से इसे मिलाकर जनता को भारी परेशानी हो सकती है। शहर में यातायात व्यवस्था भी बाधित हो सकती है। उन्होंने आदेश दिए कि इस परियोजना के तहत सुभाष रोड को बंद करने की योजना पर दोबारा विचार किया जाए।
30 अप्रैल तक तैयार हो जाएगी पलटन बाजार की सड़क
बैठक में मंत्री ने पलटन बाजार के व्यापारियों की ओर से आ रही दिक्कतों पर बात की। इस पर स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पलटन बाजार की सड़क 30 अप्रैल तक बनकर तैयार हो जाएगी।
यह है परेड ग्राउंड-गांधी पार्क एकीकरण योजना
इस योजना के पूरा होने पर परेड ग्राउंड हरे-भरे मैदान के रूप में दिखेगा। यहां साइकिल ट्रैक का निर्माण होगा। आम लोगों के बैठने बेंच होंगी। दुकानदारों के लिए दुकानें तैयार की जाएंगी। स्मार्ट टॉयलेट्स बनेंगे। पानी के एटीएम लगेंगे। जनसभाओं के लिए वीआईपी स्टेज का निर्माण किया जाना है।
जितनी सड़क खोदों, पहले उतनी बनाओ
शहरी विकास एवं आवास मंत्री बंशीधर भगत ने स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यों के बीच दून की खुदी सड़कों पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव को निर्देश दिए हैं कि जितनी सड़कें खोदी जाएं, उतनी काम निपटते ही बनाई जाएं, ताकि जनता को परेशानी न हो।
शुक्रवार को विधानसभा के कक्ष 120 में आयोजित शहरी विकास विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री बंशीधर भगत ने स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने इस परियोजना के तहत होने वाले कार्यों और उनके पूरे करने की अवधि के बारे में भी जानकारी ली। स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन इतनी गति में भी कम से कम डेढ साल का समय चाहिए।
अभी तक करीब सात माह का समय पूरा हो चुका है। समीक्षा के दौरान मंत्री बंशीधर भगत खुदी हुई सड़कों और इससे जनता को हो रही परेशानी पर खफा नजर आए। उन्होंने स्मार्ट सिटी सीईओ को कहा कि शहर में जगह-जगह सड़कें खुदी पड़ी हैं। अव्यवस्थाएं हो रही हैं। इसलिए अगर स्मार्ट सिटी के कार्यों के लिए एक किलोमीटर की सड़क खोद रहे हैं तो उस काम को पूरा करते ही पहले वह सड़क बनाओ। ताकि जनता परेशान न हो।
चुनाव से पहले तैयार होंगी राजपुर व ईसी रोड
बैठक में स्मार्ट सिटी के सीईओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले राजपुर रोड और ईसी रोड के सभी काम पूरी कर लिए जाएंगे। यह दोनों सड़कें तैयार कर दी जाएंगी। बाकी की सड़कों पर चुनाव के बाद काम किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि एडीबी की जितनी भी पेयजल योजनाएं अब स्वीकृत हो रही हैं, उनमें पानी का मीटर लगाया जाएगा। वहीं, स्मार्ट सिटी की परिधि में आने वाले पूरे क्षेत्र में भी पानी के मीटर लगाए जाएंगे।