कब-कब ट्रेंकुलाइज किए गए बाघ
राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के कुनबे को बढ़ाने के लिए काॅर्बेट पार्क से बाघों को ट्रेंकुलाइज कर मोतीचूर रेंज में छोड़ा जा रहा है। 16 मई 2020 को एक मादा बाघ, 9 जनवरी 2021 को एक नर बाघ, 16 मई 2023 को एक मादा बाघ को छोड़ा गया। 7 मार्च 2024 को काॅर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज से मादा बाघ को ट्रेंकुलाइज कर रेंज के बाड़े में लाया गया, जिसे आज जंगल में छोड़ा गया। राजाजी टाइगर रिजर्व में अब बाघों की संख्या चार हो गई है। जिसमें एक नर और तीन मादा बाघ शामिल हैं।
उत्साहित दिखा वन महकमा
राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में बाघों को ट्रांसलोकेट किया जाना पार्क महकमे के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे पार्क के अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहित है। वनमंत्री सुबोध उनियाल व आला अधिकारियों को छोड़कर किसी को भी टाइगर बाड़े तक पहुंचने की इजाजत नहीं थी। बाघ को जंगल में छोड़े जाने की हर गतिविधि को वायरलेस सिस्टम पर सुना जा रहा था। जैसे ही वनकर्मियों को बाघ के सकुशल जंगल मेें प्रवेश की जानकारी मिली। रेंज कार्यालय में तैनात वनकर्मियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।