रस्किन बॉन्ड के उपन्यास के 70 साल पूरे होने पर विशेष संस्करण
प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के चर्चित पहले उपन्यास द रूम ऑन द रूफ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर महोत्सव में विशेष आयोजन होगा। वर्ष 1956 में प्रकाशित इस उपन्यास की वर्षगांठ पर पहले दिन पेंगुइन इंडिया की ओर से इसका विशेष चित्रांकित चित्रकथा संस्करण जारी किया जाएगा। यह संस्करण रस्किन बॉन्ड की साहित्यिक विरासत और उनकी कालजयी कहानी की लोकप्रियता को समर्पित होगा। महोत्सव के संस्थापक समरांत विरमानी ने कहा कि इस वर्ष अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने का प्रयास किया गया है। वहीं, सिनेमा की चर्चित फिल्मों की रचनात्मक यात्रा और उनके सामाजिक प्रभाव पर भी महोत्सव में विशेष सत्र आयोजित होंगे।
ममता कालिया को मिलेगा ‘शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स’ सम्मान
साहित्यिक कार्यक्रमों में वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान कुमाऊं की प्रसिद्ध लेखिका शिवानी के नाम पर स्थापित किया गया है। जबकि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पीपल बाबा को गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स भी दिए जाएंगे। महोत्सव में कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन और बलिदान पर आधारित पुस्तक ये दिल मांगे मोर पर विशेष संवाद होगा।