देहरादून के विस्थापित क्षेत्र अठूरवाला के सुनारगांव में बुजुर्ग महिला की हाथ, पैर और मुंह बांधकर हत्या कर दी गई। मृतका के सिर और चेहरे पर घाव के निशान मिले हैं। वृद्धा घर में अकेले रहती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटना का संज्ञान लेकर मौका मुआयना किया।
विस्थापित क्षेत्र अठूरवाला के सुनारगांव से पुलिस को एक मकान में महिला का शव होने की सूचना मिली। इस पर कोतवाल सूर्यभूषण नेगी और जौलीग्रांट चौकी इंचार्ज एसपी चमोली मौके पर पहुंचे। मकान से एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ। मृतका के हाथ, पैर और मुंह को कपड़े से बांधा गया था।
फॉरेंसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा घटनास्थल की फोटो और वीडियोग्राफी कराई गई। कोतवाल सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि मृतका की पहचान पुतुल घोष (70) पुत्री स्व. अमल कुमार घोष निवासी सुनार गांव अठूरवाला डोईवाला और मूल निवासी 24 कान्वेंट रोड कोलकाता पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
बताया कि मृतका के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने सूचना देकर बताया कि वह उनके घर सामान लेने गया था। मकान के मुख्य द्वार पर चैनल बंद होने के कारण घर के पिछले हिस्से से आवाज देने गया तो खिड़की टूटी होने पर संदेह हुआ। अंदर झांकने पर बुजुर्ग महिला का शव पड़ा दिखाई दिया।
गांव में पांच साल पहले बनाया था मकान
आसपास के लोगों ने बताया कि मृतका ने करीब पांच साल पहले सुनारगांव क्षेत्र में मकान बनाया था। वह एक रिटायर्ड शिक्षिका थीं। वह अपने मामा के साथ यहां रहती थी, लेकिन कुछ माह पहले मृतका के मामा की मौत हो गई। इसके बाद से पुतुल अकेली निवास कर रही थीं। कोतवाल सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की सघन जांच की जा रही है। घटनास्थल का डीआईजी अरुण मोहन जोशी और एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल आदि ने मौका मुआयना किया।