सरकार की शह पर व्यापारियों की समस्याओं व अतिक्रमण को लेकर प्रशासन पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा।
कांग्रेस के एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि जीएसटी लागू होने से लेकर कोरोना काल तक आम जनता और व्यापारी वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना काल में व्यापारी समेत सभी वर्गों के लोगों का काम-धंधा बंद हो गया। लोग परिवार का भरण-पोषण अच्छे से नहीं कर पा रहे हैं।
इस समय सरकार को व्यापारियों की समस्याओं से राहत के लिए नई योजनाएं लानी चाहिए थी लेकिन अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। पलटन बाजार और आसपास के बाजारों पर हुई तोड़फोड़ में भी पक्षपात किया जा रहा है। कई दुकानेें अधिकारियों व मंत्रियों के परिचितों की हैं, इसलिए उन्हें न तोड़ कर आम व्यापारियों की दुकानों को तोड़ा जा रहा है।
इस दौरान कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अमीचंद सोनकर, अजय बेनवाल, राजेंद्र खन्ना, पार्षद निखिल कुमार, सुनील बांगा, जहांगीर खान, राजेंद्र सिंह घई, विकास नेगी, रवि फुकेला, नवीन बेग, परवीन बांगा, राहुल कुमार, राजेश मित्तल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।