उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर तनुष गुसाईं गुजरात स्टेट क्रिकेट टीम की कमान संभालेंगे। बोर्ड ट्रॉफी के लिए तनुष को अंडर-14 क्रिकेट टीम की कमान सौंपी गई है। टीम 24 जनवरी से मुंबई में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
तनुष क्रिकेट एकेडमी के मालिक संजय गुसाईं के पुत्र तनुष ने 5 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। बेटे के शौक को देखते हुए संजय ने सिंहनीवाला में एकेडमी की स्थापना की।
अहमदाबाद में लिया एडमिशन
कोच अमित लारा और राकेश नेगी से क्रिकेट की बारीकियां सीखने के बाद साल 2012 में तनुष ने उत्तराखंड को बीसीसीआई से मान्यता न मिलने के कारण अहमदाबाद में एडमिशन लिया।
इस दौरान तनुष ने जिला स्तरीय टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी का जलवा बिखेरा और जल्द ही अंडर-13 टीम में शामिल हो गए।
सलामी बल्लेबाज हैं तनुष
13 साल के तनुष गुसाईं गुजरात अंडर-14 स्टेट टीम के सलामी बल्लेबाज हैं। तनुष के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए अब उनको बोर्ड ट्रॉफी के लिए गुजरात की अंडर-14 क्रिकेट टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
तनुष क्रिकेट एकेडमी के कोच अमित लारा ने बताया कि तनुष गुसाईं के साथ उनके कोच राकेश नेगी को भी गुजरात भेजा गया है। नेगी बीते दो साल से तनुष के साथ रहकर उनकी कोचिंग में मदद कर रहे हैं।