रफ्तार पर नहीं हो पा रहा काबू, लगातार हो रहे हादसे
मोहब्बेवाला की ढलान पर बेकाबू होते ट्रकों की रफ्तार पर काबू नहीं पाया जा रहा है। इसका नतीजा आए दिन होने वाले हादसों के रूप में सामने आ रहा है। बीते दो वर्षों में इस क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक हादसे केवल ट्रकों के बेकाबू होने से हुए हैं। इनमें कोई ट्रक बेकाबू होकर किसी प्रतिष्ठान में घुस गया तो कभी वाहनों को टक्कर मार दी। हादसों में कई लोगों की जान भी चली गईं। इस ढलान पर होने वाले इन हादसों रोकने के लिए कई बार बैठकें और दिशा निर्देश जारी हुए लेकिन धरातल पर कोई प्लान उतर ही नहीं सका।
दरअसल, यह ढलान वर्षों से मुसीबत का सबब बनी है। एक्सप्रेस वे बनने के बाद यह ढलान और भी घातक हो गई है। सहारनपुर की ओर से तेज गति से आने वाले भारी वाहनों की गति अचानक और तेज हो जाती है। इससे कई बार चालक नियंत्रण खो देता है और कई हादसों में ब्रेक फेल होने जैसी बात सामने आई हैं। एक्सप्रेस वे के मुहाने पर स्पीड ब्रेकर और अन्य सुझाव भी दिए गए लेकिन कोई ठोस हल इसका आज तक नहीं निकल सका है। हालात ये हैं कि हादसे लगातार हो रहे हैं। अब बृहस्पतिवार को हुए हादसे में एक और जान चली गई।