उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पूर्व बुधवार को कैबिनेट की नौवीं बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले किए।
बेरोजगारों को जॉब का फैसला अहम
इसमें मेधावी छात्रों को लैपटॉप और बेरोजगारों को जॉब का फैसला अहम है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद से 12वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
इसी क्रम में उच्च, तकनीकी, मेडिकल और आयुष शिक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वालों को भी लैपटॉप दिए जाएंगे।
ग्रीन कार्ड होल्डर यात्री वाहनों को रोड टैक्स में छूट
इसके अलावा जून 2014 से जून 2016 की अवधि में ग्रीन कार्ड होल्डर यात्री वाहनों जिसमें बसें व छोटे वाहन शामिल हैं रोड टैक्स में छूट दी जाएगी।
पिछले साल आपदा में बह गए वाहनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 40 से 50 हजार रुपए तक की अहेतुक सहायता दी जाएगी।
इनकी नियुक्ति का फैसला
राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में 31 मार्च तक कुल 2394 रिक्त पदों में बीएड, डीएलएड, टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को नियुक्ति का फैसला किया गया है।
अगले दो वर्षों में नए स्कूल, सेवानिवृत्ति, आपदाग्रस्त क्षेत्रों में विशेष पैकेज के अंतर्गत स्थापित स्कूलों के कुल 12 सौ नए पदों पर नियुक्ति की जानी है। इसमें छूटे हुए डीपीएड-टीईटी, बीएड-टीईटी अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा।
कन्या शिक्षा को प्रोत्साहित करने का निर्णय
कैबिनेट ने उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में उर्दू शिक्षकों को बीटीसी प्रशिक्षण के लिए पात्रता की श्रेणी में लाने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध का निर्णय लिया है।
पहली अप्रैल 2014 से लागू होगी योजना
कैबिनेट ने कन्या शिक्षा को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। इसमें 25 हजार रुपए की एफडी एवं 25 हजार रुपए की सहायता का प्राविधान है। यह योजना पहली अप्रैल 2014 से लागू होगी।
कैबिनेट ने आरक्षित वन क्षेत्र दमवाढूंगा जवाहर ज्योति को आरक्षित वन क्षेत्र से बाहर करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध का निर्णय लिया है। केंद्र से डिनोटिफाई होने के बाद इसे हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम में शामिल करने की कार्यवाही की जाएगी।
बिजली देयकों पर विलंब भुगतान अधिभार में छूट
लघु एवं मध्यम उद्योगों के विरुद्ध लंबित बिजली देयकों पर विलंब भुगतान अधिभार में छूट दिए जाने का निर्णय लिया गया है।
इससे कुल 2379 लघु उद्योग लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार चार करोड़ 26 लाख रुपए का अर्थभार सब्सिडी के रूप में यूपीसीएल को देगी।
सैद्घांतिक सहमति
इसके अलावा प्रदेश में वन्य जीवों से कृषि फसलों की सुरक्षा के प्रयोजन के लिए मुख्यमंत्री उत्तराखंड राज्य वन्यजीवों से खेती की सुरक्षा योजना पर भी सैद्घांतिक सहमति बनी है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एफआरडीसी की अध्यक्षता में समिति गठित, जिसमें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सदस्य होंगे।
भोटिया ग्रेजिंग रूल्स
भेड़-बकरी पालकों को शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन प्रवास के लिए भेड़ों, बकरियों एवं अन्य पशुओं के चरान-चुगान की व्यवस्था के संबंध में भोटिया ग्रेजिंग रूल्स 1927 में वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए संशोधन पर सैद्घांतिक सहमति बनी है।
भोटिया ग्रेजिंग रूल्स के अध्ययन एवं सुझाव के लिए वन मंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की उपसमिति गठित की गई है।
साहित्यकारों, लेखकों को पुरस्कृत करने का फैसला
प्रदेश में प्रचलित लोक भाषाओं व बोलियों में उत्कृष्ट साहित्य सृजन के लिए प्रदेश के साहित्यकारों, लेखकों को पुरस्कृत किए जाने का निर्णय लिया गया है।
राज्य के ख्याति प्राप्त एवं प्रतिष्ठित लेखकों, कवियों जैसे गौरी दत्त पांडेय (गौर्दा), गुमानी पंत, भजन सिंह, आत्मा राम गैरोला, कन्हैया लाल डंडरियाल आदि के नाम से एक-एक शोधार्थी को पुरस्कार दिए जाएंगे।