दून के वसंत विहार थाना क्षेत्र के हरबंशवाल कॉलोनी में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी से घर जा रहे टी स्टेट के गार्ड को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। परिजनों कार चालक पर जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी कार सीज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पंचायत चुनाव को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है।
चालक गिरफ्तार
बृहस्पतिवार देर रात श्री चंद (55) निवासी नीलवाला स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। इसी बीच तेलपुर शिव मंदिर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में श्री चंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें 108 के माध्यम से दून अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक बलराम को गिरफ्तार कर उसकी कार सीज कर दी है।
परिजनों ने किया हंगामा
टी स्टेट के सिक्योरिटी गार्ड श्री चंद की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने थाने में हंगामा किया। बुजुर्ग के बेटे अजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसके पिता की जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या की गई है। अजय ने बताया कि बलराम से उनका पुराना विवाद है। आरोप लगाया कि बलराम पहले भी झगड़ों के दौरान जान से मारने की धमकी दे चुका है। मामले में पुलिस ने भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नशे में था कार चालक
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के वक्त कार चला रहा आरोपी बलराम नशे में था। कार में उसके साथ दो अन्य लोग भी सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।