कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच सोमवार को नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल संदीप सिंह रावत (32) पुत्र स्व. बीएस रावत निवासी बैजरौ की मौत हो गई है।
उसे सोमवार देर शाम राजकीय संयुक्त अस्पताल कोटद्वार से देहरादून रेफर किया गया था। भानियावाला के पास रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सोमवार को हुई थी टक्कर
कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच नेशनल-हाईवे पर सुखरौ पुल के पास लोडर (छोटा हाथी) और एक कार की टक्कर हो गई थी। जिसमें छोटा हाथी सवार दो लोग और कार चालक संदीप गंभीर रुप से घायल हो गया।
पिता की भी हुई थी मौत
संदीप देहरादून से कोटद्वार होते हुए बैजरो जा रहा था। संदीप के रिश्ते के भाई चंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम उसे देहरादून ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि संदीप के पिता की भी कई साल पहले एक सड़क हादसे में मौत हुई थी। संदीप बैजरौ में फर्नीचर की दुकान चलाता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही बैजरौ के व्यापारियों ने मंगलवार को बाजार बंद रखकर शोक जताया।