शिवपुरी घूमने आए दिल्ली के पर्यटकों भरी राफ्ट गंगा में पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हालांकि रेस्क्यू कर नौ पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बीते शुक्रवार शाम महरौली, दिल्ली से सात सदस्यीय पर्यटकों का दल राफ्टिंग के लिए शिवपुरी आया था। दल के सभी सदस्य यहां एक बीच कैंप में ठहरे थे। शनिवार सुबह सभी शिवपुरी से राफ्टिंग करते हुए मुनिकीरेती आ रहे थे।
राफ्ट में दिल्ली के ही तीन अन्य पर्यटक भी सवार थे। इसी बीच गंगा में गोल्फ कोर्स रैपिड के ऊपर से गुजरते हुए राफ्ट बेकाबू होकर पलट गई। पीछे से आ रही दूसरी राफ्ट में मौजूद गाइडों ने रेस्क्यू कर 10 पर्यटकों पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस दौरान एक युवक सुभाष (34) पुत्र देशमुख निवासी महरौली, दिल्ली बेहोश हो गया। 108 आपातकालीन सेवा ने उसे ऋषिकेश सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद दिल्ली परिजनों को सूचित कर दिया है।
भगवान भरोसे छोड़ गाइड भागे सुभाष (मृतक) के चचेरे भाई दीपक पुत्र श्यामलाल निवासी महरौली, दिल्ली ने आरोप लगाया कि राफ्ट पलटने पर उसमें सवार दो राफ्टिंग गाइड पर्यटकों को छोड़कर भाग गए। गनीमत रही कि पीछे से आ रही एक अन्य राफ्ट के गाइडों ने चार पर्यटकों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला।