हरिद्वार के लक्सर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर एमबीबीएस के छात्र का शव मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस इसे ट्रेन से गिरने का हादसा मान रही है।
मृतक की जेब से एक लव लैटर भी मिला है। हालांकि पुलिस इस लैटर को पढ़ पाने में नाकाम रही है।
घटनाक्रम के मुताबिक, पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात ट्रैक से एक युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने जेब से मिली आईडी के आधार पर युवक की पहचान विश्वदीप (25) पुत्र प्रशांत निवासी नई बस्ती मकान नंबर 470 बिजनौर के रूप में की।
वह मेरठ के शुभारती मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फाइनल ईयर का छात्र था। शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी। बृहस्पतिवार सुबह परिजन लक्सर पहुंचे। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि छात्र ट्रेन से गिरा है, जिस कारण हादसा हुआ है। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक दो दिन पहले मेरठ से हरिद्वार आया था। यहां रुकने के बाद वह ट्रेन से बिजनौर जा रहा था।