छात्र संख्या के लिहाज से सबसे बड़े कॉलेज डीएवी ने इस बार खेलों में भी परचम लहराया है। गढ़वाल विवि की ओर से आयोजित हुई 20 खेल प्रतिस्पर्धाओं में से 19 पर डीएवी कॉलेज ने कब्जा जमाया है।
मेमोरियल टूर्नामेंट शुरू करने का फैसला
इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर जाने वाली टीमों में भी कॉलेज के खिलाड़ियों ने जलवा कायम किया है। खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन ने कहा कि युवाओं के इस जोश और जज्बे को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने एक बार फिर तीन मेमोरियल टूर्नामेंट शुरू करने का फैसला किया है।
आरके शुक्ला मेमोरियल बास्केटबॉल टूर्नामेंट, ठाकुर पूर्ण चंद्र नेगी वालीबॉल टूर्नामेंट और पीएन धस्माना हॉकी टूर्नामेंट जनवरी में होंगे।
खेल सचिव डा. सत्यव्रत त्यागी ने बताया कि डीएवी कॉलेज 2 से 4 दिसंबर तक स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। प्रेस वार्ता में डा. देवेंद्र त्यागी, डा. मनमोहन जुआंठा, डा. पीएस चौहान, डा. गंभीर सिंह चौहान और डा. विनोद गुप्ता मौजूद रहे।
राहत कोष में दिया वेतन
डीएवी कालेज के शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए एक दिन का वेतन 4,25,700 रुपए सीएम राहत कोष में जमा किया है। शिक्षकों ने प्राचार्य डा. भसीन के नेतृत्व में सीएम को चेक सौंपा।