कोषागार का कर्मी बता पेंशनरों को दो मोबाइल नंबरों से कॉल कर उनके जीवन प्रमाणपत्र के संबंध में डाटा मांगा जा रहा है। इससे साइबर ठगी की आशंका जताई जा रही है।
मुख्य कोषाधिकारी रोमिल चौधरी ने बताया कि इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं कि पेंशनरों को मोबाइल नंबर 7044534165 और 8609657519 सें कॉल की जा रही हैं। कोषागार कार्यालय का कार्मिक बताकर जीवन प्रमाणपत्र के संबंध में पेंशनरों का डाटा मांगा जा रहा है। मुख्य कोषाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कोषागार देहरादून से जीवन प्रमाणपत्र के संबंध में किसी भी पेंशनर को फोन कॉल कर कोई विवरण नहीं मांगा जा रहा है। अगर किसी के पास इस तरह की कोई कॉल प्राप्त हो रही हैं तो किसी से अपना डॉटा साझा न करें। इसकी सूचना कोषागार और नजदीकी साइबर थाने को दें। ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
प्रभारी अधिकारी (राज्य आंदोलनकारी) ने बताया कि जिले के समस्त पेंशन प्राप्त उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी अपने-अपने बैंकों, जिसमें उनकी राज्य आंदोलनकारी पेंशन प्राप्त हो रही हैं, वहां से जीवित प्रमाणपत्र प्राप्त कर लें। इसे अनिवार्य रूप से कलक्ट्रेट में नवंबर तक उपलब्ध करा दें। उन्होंने समस्त आंदोलनकारियों से अनुरोध किया कि भविष्य में प्रत्येक वर्ष के अक्तूबर-नवंबर तक यह प्रमाणपत्र आवश्यक रूप से कार्यालय में जमा कराएं। ताकि उनकी पेंशन का भुगतान सुचारू रूप से किया जा सके।