बंगाल की खाड़ी से आ रहीं नम हवाओं और पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते जहां मैदान से लेकर पहाड़ तक बारिश का नजारा देखने को मिल रहा है, वहीं राजधानी दून व आसपास के इलाकों में मंगलवार को जहां कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में बूंदाबांदी तक नहीं हुई।
मौसम के मिजाज के चलते राजधानी के आईएसबीटी, झाझरा, पटेलनगर, सहारनपुर चौक, घंटाघर, बसंत विहार, किशन नगर चौक, राजेंद्रनगर, इंदिरानगर, कारगी चौक समेत कई इलाकों में जहां बारिश हुई, वहीं कई इलाकों में बूंदाबांदी तक नहीं हुई। मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला हुआ था। सुबह तड़के शुरू हुई बारिश का दौर दोपहर तक जारी रहा। बारिश का दौर थमने के साथ आसमान में बादल तो छाए रहे। दोपहर तक राजधानी के कई इलाकों में बारिश भी देखने को मिली, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और चटक धूप निकली।
राजधानी और आसपास के इलाकों में हुई बारिश के चलते पारे में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, जहां अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था, वहीं न्यूनतम तापमान भी 20.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। बारिश और तापमान में गिरावट के चलते लोगों को दिन में ठंड का भी अहसास हुआ। उधर, मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटे में राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।