हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के अलावलपुर निवासी मंगल सैनी के लिए गांव का ही रहने वाला युवक विनोद मसीहा बन गया।
बुधवार को जंगल में गए मंगल को मगरमच्छ ने पकड़ लिया लेकिन ऐन वक्त पर विनोद ने पत्थरों से हमला कर मगरमच्छ को खदेड़कर मंगल को बचा लिया। इस दौरान घायल हुए मंगल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मगरमच्छ ने पकड़ लिया हाथ
अलावलपुर गांव निवासी मंगल सैनी (55) बुधवार की सुबह जंगल में गया था। मंगल गांव के बाहर स्थित तालाब के किनारे पहुंचा तभी वहां घात लगाए मगरमच्छ ने अचानक हमला कर उसका हाथ अपने जबड़े में लिया और उसे खीचने लगा।
इसी बीच गांव का ही रहने वाला विनोद (26) मौके पर पहुंच गया उसने मगरमच्छ पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए तथा मंगल सैनी को पैरों की तरफ से पकड़ लिया और उसे मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ा लिया।
जख्मी मंगल को पहुंचाया अस्पताल
शोर सुनकर ग्राम प्रधान पंकज भाटी और अन्य ग्रामीण मौके पर आ गए। मगरमच्छ के हमले से जख्मी मंगल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्राम प्रधान ने वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय पर मगरमच्छ के हमले की जानकरी दी।
प्रधान का आरोप है कि सूचना दिये जाने के बावजूद वन विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नही पहुंचा। तालाब में कई मगरमच्छ रह रहे हैं। पिछले दिनों गांव के हरिराम पर मगरमच्छ ने हमला किया था। कई बार मगरमच्छ गांव के अंदर घुस जाते हैं।