फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुड़की: भैंसा-बुग्गी से बाइक टकराने पर ग्रामीणों में खूनी संघर्ष, एक की मौत, कई लोग घायल

Wed, 30 May 2018 07:24 AM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, रुड़की
विज्ञापन
roorkee conflicts
विज्ञापन

उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में भैंसा बुग्गी से बाइक टकराने पर ग्रामीणों में हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। वहीं कई लोग बुरी तरह घायल भी हो गए। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

विज्ञापन


युवक की भैंसा-बुग्गी से बाइक टकराने को लेकर क्षेत्र के दल्लावाला और दाबकी खेड़ा के ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि घटना में दोनों गांव के दर्जनों लोग आमने सामने आ गए। लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से वार किया, जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए।

इनमें एक युवक की छाती में त्रिशंका (मछली पकड़ने वाला औजार) से घाव हो गया। घायल युवक को हरिद्वार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कुल सात लोगों को नामजद किया गया है।  तनाव को देखते हुए भारी मात्रा में कई थानों की फोर्स तैनात की गई है।  
विज्ञापन

 

सोकेस की छाती पर त्रिशंका से हुआ वार

roorkee conflicts
जानकारी के अनुसार दल्लावाला निवासी सोकेस (25) पुत्र मांगेराम और उसकी बुआ का बेटा अनिल कुमार मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे भैंसा बुग्गी से खेत में चारा लेने जा रहे थे। गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर जोगावाला गांव के जंगल में इनकी बुग्गी एक बाइक से टकरा गई।

बाइक पर दाबकी खेड़ा निवासी फिरोज, संतर अली व करीमुद्दीन सवार थे और बाण गंगा में मछली पकड़ने जा रहे थे। बाइक टकराने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई। पहले तो राहगीरों ने जैसे-तैसे मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद वहां दोनों गांवों के लोग लाठी डंडों से लैस होकर पहुंच गए।

दोनों पक्षों में काफी देर मारपीट हुई। इस मारपीट में एक पक्ष के फिरोज, करीमुद्दीन, संतर अली, इसराइल व सेमन अली उर्फ सेमु और दूसरे पक्ष के सोकेस, अनिल, सुरेंद्र घायल हो गए। बताया जा रहा है इसी दरम्यान सोकेस की छाती पर त्रिशंका से वार कर दिया गया। इससे वह खून से लथपथ होकर भूमि पर गिर गया। आनन-फानन में लोग सोकेस(25) को हरिद्वार के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।
 
विज्ञापन

संवेदनशील इलाकों में पुलिस का अलर्ट

roorkee conflicts
इधर, दाबकी खेड़ा गांव के घायलों को लक्सर सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सूचना पर खानपुर पुलिस लक्सर सीएचसी पहुंची और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण एसपी देहात मणिकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ दल्लावाला गांव पहुंचे।

उन्होंने बताया कि सोकेस के परिजनों से घटना की जानकारी ली है। उधर पुलिस ने इसराइल, फिरोज, करीमुद्दीन और संतर अली को गिरफ्तार कर लिया है जबकि शमशेर अली,  जमशेर अली और गुलाम अली फरार हैं।

मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा है लिहाजा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। खानपुर, लक्सर और संवेदनशील इलाकों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

-पुष्पक ज्योति, डीआईजी, गढ़वाल रेंज
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें