रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। आशंका है कि हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया है। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
कलियर-धनौरी मार्ग पर कलियर से मात्र एक किलोमीटर दूर पर सड़क किनारे स्थित झाड़ियों में एक महिला का शव बरामद हुआ। महिला ने सलवार कुर्ता पहना हुआ है। शव करीब 15-20 पुराना लग रहा है जिससे कारण शव गल गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतका की शिनाख्त नहीं हुई है, लेकिन सड़क किनारे झाड़ियों में शव मिलने की वजह से आशंका जताई जा रही है कि किसी ने महिला की हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका है।
पहचान के लिए सभी थानों को भेजी सूचना
सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। कलियर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि झाड़ियों से महिला की शव मिला है। शव लगभग दो सप्ताह पुराना है और गल चुका है। मृतका की पहचान के लिए आसपास के गांवों के साथ सभी थानों को इस संबंध में सूचना भेज दी गई है। महिला की शिनाख्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मौत कैसे हुई है।