ऊधमसिंह नगर के जसपुर में एक ग्राम प्रधान ने चुनावी रंजिश को लेकर खुलेआम गुंडागर्दी दिखाई। उसने अपने दो पुत्रों और एक अन्य युवक के साथ दो भाइयों पर लाठी-डंडे और तलवार से हमला कर दिया।
हमले में एक भाई का हाथ गंभीर रुप से जख्मी हो गया तो दूसरे भाई की अंगुली कट गई। फिर उनके ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। बाद में ग्राम प्रधान ने इस मामले में गवाह युवक पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया और उससे ढाई लाख रुपए लूट लिए।
पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम मलपुरी निवासी सूबा सिंह ने बताया कि 18 नवंबर की शाम साढ़े पांच बजे उसके पुत्र अवतार सिंह और सतनाम सिंह ट्रैक्टर से जुताई करके घर लौट रहे थे।
गांव के पास रास्ते में घात लगाए बैठे ग्राम प्रधान रणजीत सिंह उर्फ लाहौरी, उसके पुत्र हरदीप सिंह, गुरुसेवक सिंह और एक अन्य कुलवंत सिंह निवासी मनोरथपुर ने लाठी-डंडे, तलवार से हमला कर दिया।
इससे एक पुत्र का हाथ और दूसरे पुत्र की अंगुली कट गई। इसके बाद चारों ट्रैक्टर में तोड़फोड़ और फायरिंग करते हुए फरार हो गए।