विजिलेंस ने अल्मोड़ा के मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह को एक स्कूल की मान्यता दिलाने के लिए 15 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है। आरोपी सीईओ को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस आरोपी सीईओ को शनिवार को नैनीताल स्थित विशेष न्यायालय में पेश करेगी।
जानकारी के मुताबिक विजिलेंस को पिछले काफी समय से सीईओ द्वारा घूस लेने की शिकायतें मिल रही थीं। अल्मोड़ा के नियाजगंज निवासी रिजवान का सिटी मॉडर्न स्कूल है। वह स्कूल को मान्यता दिलाने को लेकर सीईओ से मिलते रहे। विजिलेंस कार्यालय हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सीईओ द्वारा रिजवान से स्कूल को मान्यता दिलाने के नाम कुछ समय पहले 20 हजार रुपये देने की मांग की गई। बाद में सीईओ 15 हजार रुपये देने पर स्कूल को मान्यता देने पर राजी हो गए।