गैरसैंण तहसील के एक गांव में 24 अगस्त को मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म मामले में दो युवकों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। आरोप है कि टैंक निर्माण में विवाद के चलते युवकों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया था।
यह था मामला
थानाध्यक्ष कुंदन राम आर्य ने बताया कि एक ही ग्राम पंचायत में पेयजल निर्माण किया जाना था, लेकिन एक ग्राम पंचायत के दो गांवों में टैंक निर्माण को लेकर विवाद हो गया। जिस गांव में टैंक निर्माण हुआ उस गांव की युवतियों से दूसरे गांव के युवक अक्सर छेड़खानी करने लगे।
घटना की रात युवक मकानों पर आपत्तिजनक बातें लिखते हुए मूक-बधिर युवती के मकान तक पहुंचे और युवती के हाथ पांव बांधकर दूर खेतों में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे खेतों में फेंक गए।
तीन आरोपी अभी भी फरार
25 अगस्त को मामला राजस्व पुलिस के पास दर्ज हुआ, जिसके बाद जांच रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित हुई। थानाध्यक्ष कुंदनराम ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी युवक राजे सिंह पुत्र जमन सिंह और बीरेंद्र सिंह पुत्र गमाल सिंह को गिरफ्तार करते हुए मुंसिफ मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में अन्य तीन आरोपी फरार चल रहे हैं, जल्द तीनों को गिरफ्तार किया जाएगा।