देहरादून की क्लेमेंटटाउन पुलिस ने दो लोगों को नशे के 148 इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। यह लोग यूपी के छुटमलपुर से नशे का सामान लाकर दून में बेचते थे।
पुलिस ने सूचना के आधार पर प्रमोद कुमार निवासी केदारपुर और दीपक ध्यानी निवासी बंजारावाला को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से नशे के 148 इंजेक्शन और दो हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। पूछताछ में पता चला कि यह इंजेक्शन छुटमलपुर से लाए गए हैं। प्रमोद का बेटा और आरोपी दीपक आपस में दोस्त हैं।
परिवार में आना-जाना होने के कारण दीपक जल्द पैसा कमाने के चक्कर में दोस्त के पिता के साथ इस धंधे में आ गया। एसओ नरेश राठौड़ ने बताया कि कुछ अन्य तस्करों के बारे में जानकारी मिली है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।