फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामनगर के टांडा में सांप्रदायिक तनाव, चार गिरफ्तार

Tue, 20 Dec 2016 02:24 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो रामनगर
विज्ञापन
रामनगर के टांडा में सांप्रदायिक तनाव, चार गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बीते दिनों ग्राम चिल्किया स्थित एक मंदिर में दूसरे समुदाय के व्यक्ति द्वारा अंडा रखने के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। देर रात गिरफ्तार आरोपी के दर्जनभर से अधिक नकाबपोश समर्थकों ने ग्राम टांडा के साप्ताहिक बाजार में एक युवक को घेरकर जमकर पिटाई कर दी।
विज्ञापन


मामला दो धर्मों से जुड़ा होने के चलते बाजार में अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते एक-एक कर सभी दुकानें बंद होने लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर में सात टांके आए हैं।


सूचना पर पुलिस दो लोगों को उठाकर कोतवाली ले आई। बाद में चार लोगों को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया गया। मामले की नजाकत को देखते हुए हल्द्वानी, लालकुआं आदि जगहों से पुलिस बल को बुला लिया गया।
विज्ञापन


इसके अलावा एसएसपी और डीएम भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। इधर, देर रात तक हिंदुवादी संगठन के सदस्य कोतवाली में डटे हुए थे।

जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार की देर शाम चिल्किया स्थित ठाकुर मंदिर के सामने जाहरवीर के मंदिर में ग्रामीणों ने दूसरे धर्म के एक व्यक्ति को मंदिर में अंडा रखते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया था।

ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ग्राम चिल्किया निवासी सत्यप्रकाश सैनी की तहरीर पर आरोपी साबिर हुसैन के खिलाफ धारा 295/295 के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया था।

बताया जाता है कि आरोपी को पुलिस के हवाले करने वालों में भानु प्रताप निवासी चिल्किया भी शामिल था। सोमवार को भानु प्रताप ग्राम टांडा में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने पहुंचा था। तभी वहां साबिर के समर्थक पहुंच गए और गालीगलौज करते हुए भानु से मारपीट शुरू कर दी।

भानु ने किसी तरह बचकर एक दुकान में शरण ली। हो-हल्ला होने पर हमलावर फरार हो गए। भानु को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में सात टांके आए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता टांडा पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बाद में देर रात हिंदुवादी संगठन के सदस्यों ने कोतवाली घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसएसपी जन्मजेय खंडूड़ी ने कार्यकर्ताओं से वार्ता कर उन्हें शांत करते हुए आश्वासन दिया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाद में पुलिस ने भानु प्रताप के पिता पृथ्वीपाल सिंह की तहरीर पर सब्बार, शोएब, तालिब और नदीम समेत 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ 147, 148, 307 के तहत केस दर्ज करते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें