कहा जाता है कि अतिथि देवो भवः। पर हरिद्वार के लक्सर में एक हलवाई को रिश्तेदार का आतिथ्य करना मंहगा पड़ गया। रिश्तेदार ने हलवाई के घर में आलमारी में रखे एक लाख रूपए साफ कर दिए।
85000 रूपए हुए बरामद
गृहस्वामी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 85000 रुपये बरामद कर लिए। उसका कहना है कि 15000 रुपये उसने खर्च कर दिए।
लक्सर में रहने वाले रामसिंह हलवाई ने पुलिस को बताया कि उसके घर पर अजीतपुर से एक रिश्तेदार दो दिन पहले आया हुआ था। उसे नहीं पता था कि रिश्तेदार की नजर उसकी आलमारी में रखे रूपए पर थी।
पुलिस के सामने स्वीकार की चोरी
बुधवार सुबह जब रामसिंह ने आलमारी खोली तो रूपए गायब देख वह सन्न रह गया। आलमारी में रखे एक लाख रूपए गायब थे। संजय पर शक जताते हुए उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस को बताया कि उसने 15000 रुपये खर्च कर दिए बाकि 85000 रुपये बरामद करा दिए। मामले की जांच की जा रही है।