राजधानी देहरादून के राजेंद्र नगर में चोरों ने एक बंद घर को अपना शिकार बना लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
राजेंद्र नगर में ओएनजीसी रिटायर जनरल मैनेजर के घर का ताला तोड़कर चोर लाखों का सामान चुरा ले गए। इन दिनों उनके घर पर कोई नहीं था।
वह अपने बेटे की मौत पर अमेरिका गए हुए थे। सोमवार की सुबह आसपास के लोगों ने देखा की घर का ताला टूटा हुआ है, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
चोरी की घटना के बारे में सुनकर राजेंद्र नगर के लोगों देहरा-मसूरी विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में रोष है। उनका कहना है कि बार-बार कहने के बाद भी कॉलोनी में गेट नहीं लगाया, जिस कारण चोरों ने आसानी से इस वारदात को अंजाम दिया। मौके से साक्ष्य लेने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
घर में घुसे चोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
उधर, हरिद्वार के पथरी में गांव बादशाहपुर में एक घर में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक को मौके पर परिजनों व ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया जबकि उसके साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गये युवक को ग्रामीणों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया।
शनिवार की रात सर्वेश अग्रवाल के घर में छत के रास्ते से चोर घुस आये। एक कमरे में संदूक का ताला तोड़ने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे परिजनों की आंखें खुल गयीं जिस पर परिजनों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर काफी ग्रामीण इकट्ठा हो गये।
सर्वेश अग्रवाल के पुत्र अजय अग्रवाल ने घटना के संबंध में फेरूपुर चौकी में तहरीर दी है। फेरूपुर चौकी प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।