बिजनौर में 13 दिन पहले बम में हुए धमाके के दौरान घायल साथी को लेकर फरार छह आतंकियों की तलाश में बिजनौर पुलिस ने सोमवार को हरिद्वार के अस्पतालों को खंगाला।
स्थानीय पुलिस ने भी अपने स्तर से प्रयास किए लेकिन कहीं किसी का पता नहीं चल पाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस सतर्क हो गई है।
बिजनौर के मोहल्ला जाटान में दो सितंबर को मजदूर बता कर किराए में रह रहे आतंकियों के कमरे से पेट्रोमेक्स के अधबने बम से धमाका हुआ था। विस्फोट में बम बना रहा एक आतंकी बुरी तरह झुलस गया था।
जब तक बिजनौर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक पांच आतंकी, घायल साथी को लेकर मौके से फरार हो चुके थे। घटनास्थल से भारी मात्रा में बम बनाने का सामान, एक पिस्टल एवं पहचान पत्र आदि पुलिस ने बरामद किए।