सलमान खान की तस्वीर पर चेहरा लगाकर सैन्य अकादमी में घुसा संदिग्ध
देहरादून स्थित आईएमए परिसर में संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए मोबिन के लिए कई तरह की जालसाजी गले की फांस बन गई है।
पुलिस वर्दी में सलमान की तस्वीर में फोटो मॉर्फिंग के जरिए अपना चेहरा और दूसरे के गेट कार्ड पर फोटो लगाने के मामले में उस पर शक गहरा गया है।
पुलिस टीम ने मंगलवार को हरिद्वार और लखीमपुर खीरी से संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई है। इसी बीच सीओ सिटी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
आईएमए में शनिवार को होने वाली पासिंग आउट परेड को लेकर पुलिस और खुफिया तंत्र अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सोमवार रात को खुफिया तंत्र ने मोबिन निवासी लखीमपुर खीरी (यूपी) को संदिग्ध मानकर पकड़ा था।