घाट ब्लॉक के सुतोल गांव में एक विवाहिता के जंगल में गले में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। विवाहिता के भाई ने राजस्व पुलिस में अपनी बहन की हत्या की आशंका जताई है।
बात करते-2 कट गया फोन
सुतोल गांव निवासी प्रेम सिंह की 20 वर्षीय पत्नी कमला देवी ने शनिवार को सुबह साढे़ आठ बजे अपने भाई सुरेंद्र सिंह को फोन कर कहा कि ससुराली उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। ये लोग मुझे मार देंगे। यह कहते ही फोन कट गया।
सुरेंद्र सिंह ने यह जानकारी परिजनों को दी तो वे सुतोल गांव के लिए रवाना हुए। शनिवार शाम को जब मृतका का बड़ा भाई मोहन सिंह बहन के घर पहुंचा तो ससुरालियों ने कोई स्पष्ट जानकारी न दी।
जंगल में मिली लाश
रविवार को मोहन सिंह व अन्य ग्रामीणों ने कमला देवी की खोजबीन की तो गांव के समीप जंगल में उसकी लाश एक पेड़ से लटकी मिली। जिसके बाद मोहन सिंह ने पटवारी पुरुषोत्तम गुसाईं को मामले की सूचना दी।
पटवारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लग पाएगा।
गर्भवती थी कमला
कमला की शादी पिछले वर्ष 12 नवंबर को सुतोल गांव निवासी प्रेम सिंह के साथ हुई थी। कमला के भाई सीक गांव निवासी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि शनिवार को उसकी बहन ने फोन पर उसे जान का खतरा बताया।
उसकी बहन से सिर्फ 14 सेकंड की बात के बाद फोन कट गया और फिर कमला का फोन नहीं मिल पाया। उसका कहना है कि कमला गर्भवती थी।