आईआईटी से एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया है। रुड़की निवासी परिजनों ने दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश में जुट गई है।
सिविल लाइंस रुड़की निवासी डीपी शर्मा का बेटा निखिल शर्मा आईआईटी में एमएससी फाइनल सेमेस्टर का छात्र है। पढ़ाई के लिए वह आईआईटी हॉस्टल में रहता है। परिवार के मुताबिक निखिल सोमवार को आईआईटी से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। निखिल के लापता होने की खबर से परिजन परेशान हो गए।
शाम तक नहीं चला पता
उन्होंने निखिल के दोस्तों के अलावा अपने रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया। लेकिन देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल पाया। मंगलवार को निखिल की मां बीना शर्मा ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी।
छात्र का फोटो भी पुलिस को उपलब्ध करा दिया गया है। तहरीर पर पुलिस छात्र की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
डीन का है कहना
निखिल शर्मा की माता बैंक में कार्यरत हैं और स्थानीय निवासी हैं। इसलिए छात्र काफी समय से उन्हीं के साथ रहता आ रहा था। छात्र के लापता होने में कुछ पारिवारिक कारण हो सकते हैं।
-प्रोफेसर डीके नौड़ियाल, डीन आईआईटी रुड़की