महिला ग्राहक से फोन पर अश्लील बातें करना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। महिला मंगलवार को अपनी बेटियों सहित व्यापारी की दुकान पर पहुंच गई और हंगामा खड़ा कर दिया। महिला का ये रूप देखकर व्यापारी की हालत पतली हो गई। आस पास के व्यापारियों ने महिला को बमुश्किल समझा बुझाकर हंगामा शांत कराया।
शहर के चावमंडी क्षेत्र की एक महिला कुछ दिन पहले फ्रिज खरीदने सिविल लाइंस कोतवाली के पास एक दुकान पर पहुंची थी। यहां फ्रिज पसंद करने के दौरान व्यापारी ने महिला से मोबाइल नंबर ले लिया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद से व्यापारी रोजाना रात के समय उसके मोबाइल पर फोन कर अश्लील बातें करने लगा। शुरूआत में उसने फोन पर ही व्यापारी को फटकार लगाई। मगर वह नहीं माना और लगातार फोन कर परेशान करता रहा।
दुकान पर पहुंच महिला ने जमकर किया हंगामा
कॉल
- फोटो : demo pic
मंगलवार को महिला अपनी दो बेटियों को लेकर उसकी दुकान पर पहुंची और जमकर हंगामा किया। महिला और उसकी बेटियों ने व्यापारी को जमकर खरीखोटी सुनाई। शोर सुनकर आस पास के लोग भी इकट्ठा हो गए। राहगीरों का भी जमावड़ा लग गया। आस पास के लोगों ने बमुश्किल महिला को समझाकर घर भेजा।
कुछ देर बाद महिला फिर से दुकान पर आ पहुंची और फिर हंगामा शुरू हो गया। व्यापारी महिला के आरोप को गलत बताते हुए सफाई देता रहा, मगर महिला ने उसकी एक न सुनी।
महिला के जाने के बाद व्यापारी ने कानूनी फजीहत से बचने के लिए पुलिस से गुहार लगाई और महिला पर अभद्रता का आरोप लगाया। वहीं सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले में लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।