बेखौफ बदमाशों ने रविवार तड़के अमृतसर-हावड़ा मेल में कहर बरपाते हुए एसी कोच में सवार तीन यात्रियों को आतंकित कर नगदी, जेवर और अन्य सामान लूट लिया। बदमाश सहारनपुर से चढ़े थे।
लूटपाट के बाद रुड़की से पहले उतरकर फरार हो गए। पीड़ित यात्रियों ने घटना के संबंध में मुरादाबाद पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद से जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। रेलवे मुख्यालय ने भी रिपोर्ट तलब की गई है।
घटना शनिवार रात करीब दो बजे की है। बताया गया अमृतसर से हावड़ा जाने वाली हावड़ा मेल जैसे ही सहारनपुर रेलवे स्टेशन से चली तो एसी कोच संख्या बी-1 और बी-3 में चार बदमाश घुस गए। उन्होंने चाकू तथा अन्य हथियारों के दम पर यात्रियों को आतंकित कर नगदी और जेवर उतरवा लिए।
कोच बी-3 की सीट संख्या 58 पर बैठे मोहल्ला किला, बरेली निवासी अतुल अग्रवाल से पांच हजार रुपये लूट लिए। सीट नंबर 59 पर सवार अमृतसर निवासी अनूप कौर से सोने की दो चूड़ियां और नगदी, लुधियाना से प्रतापगढ़ जा रहे बी-1 में सवार प्रतापगढ़ निवासी मुकेश प्रसाद और उसकी पत्नी से पांच हजार और सोने की अंगूठियां लूट ली।
चाकू की नोंक पर लूटपाट, फिर उतर भागे
पीड़ित अतुल अग्रवाल के अनुसार लूटपाट करने के बाद बदमाश रुड़की और सहारनपुर के पास किसी स्थान पर चेन पुलिंग कर उतर भागे। उन्होंने बताया चारों बदमाशों के हाथों में लंबे चाकू थे और वे सभी को विरोध करने पर मार डालने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने दरवाजे के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाया। चारों बदमाश सहारनपुर रेलवे स्टेशन के पास आउटर पर चेन पुलिंग कर ट्रेन में चढ़े थे।
पीड़ित यात्रियों ने प्रधान आरक्षी जोगेंद्र सिंह, सिपाही ज्ञानेंद्र सिंह और सुधीर कुमार के अलावा टिकट निरीक्षक जितेंद्र कुमार तथा कोच अटेंडेंट नेपाल मांझी को जानकारी दी। उन्होंने कंट्रोल रूम तथा अधिकारियों को अवगत कराया।
ट्रेन दो मिनट के लिए रुड़की स्टेशन पर रुकी लेकिन यहां रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। लक्सर स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो जीआरपी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार और आरपीएफ के जवानों ने कोच में पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
उनके कहने के बावजूद यात्री यहां रिपोर्ट दर्ज कराने को तैयार नहीं हुए। बाद में उन्होंने मुरादाबाद पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि मुरादाबाद में दर्ज की गई रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है।