उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक युवक का धर्म बदलकर उसे आंतकी गिरोह में शामिल करने का मामला सामने आया है।
जाली पासपोर्ट बनाने के मामले में पुलिस ने कथित रूप से धर्मांतरण करने वाले युवक, उसकी पत्नी और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। युवक के परिजनों ने उसे आतंकी गिरोह में डाले जाने की आशंका जाहिर की है।
पुलिस के मुताबिक टिहरी गढ़वाल के थाना कीर्तिनगर निवासी जनार्दन प्रसाद ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा था कि वह रिटायर्ड सूबेदार हैं। चार साल पहले उसका पुत्र राजेश प्रसाद रामपुर रोड स्थित होटल में काम करता था।
होटल में दूसरे धर्म की एक महिला भी काम करती थी, जिसने अपने भाइयों की मदद से राजेश का जबरन धर्मांतरण करवाकर उसे विदेश भिजवाने का आश्वासन दिया और उसका निकाह एक तलाकशुदा महिला शबनम से करवा दिया।
आंतकी गिरोह में भेजे जाने की आशंका
इतना ही नहीं, इन लोगों ने असलम अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी निवासी फाजलपुर महरौला के नाम से राजेश का फर्जी पासपोर्ट (एल-5202625) बनवा दिया। राजेश के पास से किसी दूसरे के नाम से भी एक और पासपोर्ट मिला है।
तहरीर के मुताबिक पासपोर्ट बनाकर उसे खाड़ी देश भेजा जा रहा था, लेकिन आतंकी गतिविधियों के चलते हुई सख्ती के कारण राजेश का वीजा फिलहाल नहीं बन पाया। परिजनों ने आशंका जताई कि उसे आतंकी गिरोह में डाला जा सकता है, जो उनके लिए खतरा हो सकता है।
मामले की तहरीर पर पुलिस ने राजेश प्रसाद उर्फ असलम अंसारी निवासी फाजलपुर महरौला, शबनम और उसके भाइयों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 295(क) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ राजीव मोहन ने बताया कि दो अलग-अलग पासपोर्ट बनाए जाने सहित अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।