राजधानी देहरादून के एक बैंक में चोरी करने घुसे चोर का हाथ गलती से इमरजेंसी अलार्म पर पड़ गया। अलार्म के बजते ही हक्का-बक्का चोर उसी रोशनदान से भाग निकला, जहां से भीतर आया था।
पुलिस पहुंची तो मालूम हुआ कि बैंक में घुसने से पहले चोर ने बाहर लगा एटीएम काटने की भी कोशिश की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। सहस्त्रधारा रोड पर गुजराड़ा गांव में ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा है।
शनिवार देर रात बैंक का सायरन बजा तो गार्ड दौड़ते हुए भीतर घुसे। लाइट खोली गई तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। हालांकि, स्ट्रांग रूम सुरक्षित था। पुलिस को बुलाया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक नकाबपोश बैंक के भीतर दाखिल होता दिखा है।
जांच हुई तो पता चला कि यह नकाबपोश पहले बैंक के बाहर एटीएम में घुसा और गैस कटर से इसे काटने की कोशिश की। काफी देर तक मेहनत के बाद भी एटीएम नहीं कटा तो वह बैंक के पीछे एक रोशनदान की ग्रिल काटकर भीतर घुस गया।