नारायणबगड़ की घटना को अभी डेढ़ हफ्ता भी नहीं बीता था कि मंगलवार को घनसाली और धारचूला में हुई दो अबोध बालिकाओं से दुष्कर्म की वारदातों ने देवभूमि को शर्मसार कर दिया।
हालांकि दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दरिंदों को दबोच लिया, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या अब घर में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। इन दोनों ही मामलों में आरोपी उनके पड़ोसी है।
घनसाली में जिस किशोर ने ढाई साल की अबोध बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया, वह कक्षा नौ का छात्र है। पीड़िता और आरोपी के परिवार यहां किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पीड़िता की मां अपने बड़े बेटे को स्कूल लेने गई हुई थीं और घर पर वह अकेली थी।
मां लौटी तो खून से लथपथ पड़ी थी बच्ची
इसी दौरान टीवी देखने के बहाने पड़ोस में रहनेवाला 17 वर्षीय किशोर वहां आ धमका और बच्ची से दुष्कर्म किया। बच्ची की मां जब बड़े बेटे को लेकर स्कूल से लेकर घर पहुंची, तो वहां अबोध बच्ची रक्तरंजित पड़ी हुई थी। उसकी मां जब बेटे को लेकर स्कूल से लौटी, तो बच्ची रक्तरंजित बेहोश पड़ी थी। उसे यह हरकत पड़ोस में रहने वाले किशोर की लगी। कारण कि आरोपी अक्सर टीवी देखने उस घर आ जाया करता था। बदहवास बच्ची की मां भी उसके घर पहुंच गई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
बच्ची की मां ने जब लड़के की मां से बात की, तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। दोनों परिवार यहां किराए पर आसपास ही रहते हैं। आरोपी किशोर अक्सर टीवी देखने उस घर में जाया करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अबोध बच्ची को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी लाया गया है। थानाध्यक्ष मो. अकरम ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
धारचूला में तीन साल की बच्ची को बनाया शिकार
उधर, धारचूला (पिथौरागढ़) पुलिस ने भी तीन साल की मासूम बच्ची से बलात्कार के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिस को सौंपने से पहले आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
थाना प्रभारी बलवंत कांबोज ने बताया कि बिहार के बेतिया जिले के भौरा गांव निवासी मोहम्मद शाहिद यहां मजदूरी करता है। सोमवार सुबह उसने पड़ोस में रहने वाली तीन साल की बच्ची को अपने कमरे में लाकर उससे दुष्कर्म किया।
बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पीड़िता को उसके चंगुल से छुड़ाया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची के कपड़े सील कर दिए गए हैं और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है।