नैनीताल के भीड़ापानी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम जंगल में लकड़ी बीनने गई बच्ची से तमंचे के बल पर रेप किया गया था। बच्ची से हुई पूछताछ के बाद उसके पिता की ओर से राजस्व पुलिस को दी तहरीर में इसका खुलासा हुआ है।
बच्ची का कराया मेडिकल
राजस्व पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, बुधवार को पीड़ित बच्ची का हल्द्वानी स्थित महिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्ची स्कूल से आने के बाद पास के जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। तहरीर के मुताबिक लकड़ी बीनते समय वहां पहुंचे एक युवक ने तमंचे के बल पर उससे रेप किया और बाद में धमकी देते हुए फरार हो गया।
'पास के गांव का है आरोपी'
बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। बुधवार को बच्ची के पिता ने पटवारी चौकी में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया है।
इधर, बुधवार को पट्टी पटवारी पद्मा दत्त बुधौड़ी, हेम जोशी, पूरन चंद्र गुणवंत, महिला कांस्टेबल नंदी देवी पीड़ित बच्ची को मेडिकल के लिए हल्द्वानी स्थित महिला अस्पताल ले गए।
पटवारी बुधौड़ी ने बताया कि बच्ची के अनुसार आरोपी पास के गांव भूमका का रहने वाला है। बच्ची के बताए हुलिए के आधार पर राजस्व पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।