20 रुपये की पानी की बोतल 25 रुपये में बेचने पर उत्तराखंड पुलिस के दो जवानों को ऐसा गुस्सा आया कि उन्होंने दुकानदार को लोहे की राड से पीटकर अधमरा कर दिया। यही नहीं दुकानदार को बचाने आए तीन ग्रामीणों को भी उसी राड से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस वालों के साथ आए चार युवकों ने चाकू से भी हमला किया। सभी शराब के नशे में धुत थे। गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो आरोपी पुलिस कर्मियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है।
शनिवार देर रात करीब 11.30 बजे उत्तराखंड पुलिस के दो जवान सुनील रमोला और मेहरबान सिंह भंडारी अपने चार साथियों के साथ मसूरी से करीब 8 किमी दूर मसूरी-देहरादून मार्ग पर भट्टा गांव में एक दुकानदार के यहां पहुंचे।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
बताया जा रहा है कि इन्होंने दुकानदार से पानी की एक बोतल खरीदी। दुकानदार ने बीस रुपये की बोतल 25 रुपये में दी तो पुलिस वाले नाराज हो गए। शराब के नशे में धुत पुलिस वालों की दुकानदार से बकझक हो गई। इससे गुस्साए पुलिस वालों ने दुकानदार को लोहे की राड से जमकर पीटा।
बीच-बचाव करने आए तीन ग्रामीणों को भी राड से मार कर लहूलुहान कर दिया। एसएसपी अजय रौतेला ने दोनों पुलिस वालों को निलंबित कर दिया है।
तीन हमलावरों को ग्रामीणों ने पकड़ा
शराब के नशे में ग्रामीणों की पिटाई करने के बाद पुलिस वाले साथियों के साथ वाहन से दून की तरफ भागे। इसी बीच वायरलेस से हमले की सूचना प्रसारित हो गई थी। हमलावर जैसे ही कुठाल गेट पहुंचे वहां पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। यह देखकर हमलावरों ने अपने वाहन को मोड़कर दोबारा मसूरी की तरफ जाने लगे।
शराब के नशे में धुत हमलावर दोबारा भट्टा गांव ही पहुंच गए। वहां पहले से ही तैयार बैठे ग्रामीणों ने तीन हमलावरों को पकड़ लिया जबकि तीन भागने में कामयाब हो गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए हमलावरों की जमकर पिटाई की उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना का मंजर देख सकते में आ गए ग्रामीण
भट्टा गांव में देर रात दुकानदार और तीन लोगों पर हमले की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर सहम गए। कुछ देर तक तो लोगों की समझ में ही नहीं आया कि क्या करें।
ग्रामीणों ने घायल भट्टा गांव निवासी दिनेश (41) पुत्र प्रेम सिंह रावत, नरेश (31) पुत्र केशर सिंह थापली, सुनील (29) पुत्र बचन सिंह बिष्ट को मैक्स अस्पताल और दिलीप (35) हाल निवासी भट्टा गांव को दून अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के अनुसार चारों की हालत चिंताजनक है।
मैक्स ने भर्ती करने में की आनाकानी
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने बताया कि ग्रामीण तीन गंभीर घायलों को लेकर मैक्स अस्पताल पहुंचे तो उसने भर्ती करने से ही मना कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी। वहां मौके पर पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत की। विधायक के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल ने घायलों को भर्ती किया। तीनों घायलों को आईसीयू में भर्ती किया गया है।
ढाई घंटे ग्रामीणों ने लगाया सड़क पर जाम
हमले के विरोध में भट्टा गांव के ग्रामीणों ने रविवार सुबह साढ़े दस बजे ही भट्टा गांव के पास मसूरी-देहरादून रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान इन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
थोड़ी देर में ग्रामीणों के धरने में विधायक गणेश जोशी और पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल भी शामिल हो गए। ग्रामीणों के साथ दोनों नेता धरने पर बैठ गए। इस बीच गणेश जोशी ने एडीजी कानून व्यवस्था रामसिंह मीणा से बात की। मीणा ने एसएसपी अजय रौतेला से बात करके मौके पर पुलिस फोर्स भेजी और मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
छह आरोपियों पर केस दर्ज
धरनास्थल पहुंचे एसपी सिटी अजय सिंह ने ग्रामीणों को मनाने की कोशिश की लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। प्रदर्शनकारी हमलावरों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब ढाई घंटे में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि सभी छह आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
ये हैं हमले के आरोपी पुलिसकर्मी
हमला करने के आरोप में राहुल पुत्र भारत सिंह निवासी जे-4 पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर, सुनील रमोला पुत्र अव्वलचंद रमोला निवासी एनआईएस मोतीबाग पटियाला पंजाब लेकिन तैनाती दून पुलिस में।
राकेश पुत्र वीरेंद्र सिंह रावत, जे ब्लाक पुलिस लाइन मुजफ्फर नगर, मेहरबान सिंह पुलिस लाइन देहरादून, मुकेश नेगी पुत्र रघुवीर सिंह नेगी जे ब्लाक पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर, भानु पुलिस लाइन देहरादून है।
इन लोगों ने दिया धरना
ग्रामीणों पर हमला करने के विरोध में धरना देने वालों में मसूरी विधायक गणेश जोशी, पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, मंडी परिषद के पूर्व अध्यक्ष उपेंद्र थापली, सुंदर सिंह कोटाल, दयाल सिंह रावत, राकेश रावत, दीपक पुंडीर, ग्राम प्रधान निशा कुटाल, लक्ष्मण सिंह थापली, बलबीर जदवान, रुकमणी थापली आदि शामिल थे। धरना स्थल पर एसडीएम मसूरी रामजीशरण शर्मा, सीओ शमशेर डिमरी, शहर कोतवाल संदीप नेगी सहित भारी पुलिस बल तैनात था।