ऊधमसिंह नगर के शक्तिफार्म में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रताप बिष्ट की हत्या के मामले में पुलिस ने सुराग ढूढ़ने का काम शुरू कर दिया है। घटनास्थल से मृतक का जो टूटा मोबाइल मिला है, उससे पुलिस कयास लगा रही है कि प्रताप के मर्डर के राज कहीं इस मोबाइल में तो नहीं छिपे हैं।
फिलहाल, पुलिस मृतक के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल खंगालने में जुटी है और मृतक के साथियों और कारोबार में पार्टनरों के मोबाइल भी सर्विलांस पर लगाए गए हैं।
हत्या के बाद तोड़ दिया मोबाइल
शनिवार को शक्तिफार्म में टैगोरनगर मार्ग पर लकी आटो पार्ट्स की दुकान पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रताप बिष्ट को ताबड़तोड़ गोलियों से भूनकर हत्यारे उसका मोबाइल तोड़ गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद दुकान की सघन तलाशी ली थी। तलाशी में प्रताप बिष्ट का बदमाशों द्वारा तोड़ा गया मोबाइल मिला है।
इसके अलावा प्रताप की जेब से एक मोबाइल और दुकान से ही घायल अभय नारायन सिंह का मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने इन तीनों मोबाइलों की काल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है।
सर्विलांस पर लगाए मोबाइल
इसके अलावा मृतक प्रताप बिष्ट से ताल्लुक रखने वाले और उसके कारोबार में पार्टनर रहे लोगों के मोबाइलों को भी सर्विलांस पर लगाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने मृतक का मोबाइल फोन तोड़कर घटनास्थल पर ही फेंक दिया था।
पुलिस के मोबाइल सिमों की कॉल डिटेल खंगालने से यह प्रतीत होता है कि कहीं टूटे मोबाइल में प्रताप के मर्डर के राज तो नहीं छिपे हैं।