पश्चिमशरीरा। खेत से गन्ना (ईख) चोरी कर रहे दो युवकों ने पकड़े जाने सोनौली गांव के किसान पर तमंचे से गोली दाग दी। हालांकि निशाना चूकने से किसान बाल-बाल बच गया। गोली की चलने की आवाज और चीख-पुकार से गांव में सनसनी फैल गई। चीखते-चिल्लाते जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, हमलावर भाग चुके थे। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी गांव के रहने वाले दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के सोनौली गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र इंद्रभवन किसान है। उसने बताया कि उसने गन्ना की खेती की है। सतीश की मानें तो शनिवार को बैशकांटी गांव के दो युवक उसके खेत से चोरी से गन्ना काट रहे थे। इत्तेफाक से वह वहां पहुंच गया। उसने युवकों को डांटकर भगाने की कोशिश की। आरोप है कि उसे खेत में आया देख युवकों ने तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि भागते समय गोली चलाने से निशाना चूक गया।
इससे उसकी जान बच गई। उधर, गोली चलने की आवाज और किसान का शोर सुनकर गांववाले दौड़े। हालांकि जब तक ग्रामीण मौके पर आते। हमलावर भाग चुके थे। भुक्तभोगी ने बताया कि सप्ताहभर से उसके खेत से लगातार गन्ने की चोरी हो रही है। भुक्तभोगी ने बैशकांटी गांव के छोटू और रामलाल के खिलाफ पश्चिमशरीरा कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ पश्चिमशरीरा उमाशंकर यादव ने बताया कि घटना की छानबीन के साथ आरोपी युवक की तलाश भी की जा रही है। वहीं घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी भी बनी हुई है।