परिजनों की इच्छा के विपरीत शादी कर रुड़की के पिरान कलियर में रह रहे एक ही संप्रदाय के युवक युवती को उनके परिजनों ने बुधवार की रात पकड़ लिया और वापस ले जाने लगे लेकिन रुड़की में मदद के लिए शोर मचाने पर पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। अब दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस को देखते ही मचाया शोर
घटनाक्रम के अनुसार मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र के रहने वाले युवक-युवती 21 सितंबर से लापता थे। दोनों भागकर पिरान कलियर में एक कमरा लेकर रह रहे थे।
बुधवार की रात दोनों के परिजन उन्हें तलाशते हुए कलियर आए और उन्हें पकड़कर गाड़ी में डालकर ले जाने लगे। बोट क्लब के पास चेकिंग कर रही पुलिस ने उनकी दोनों गाड़ियों को रोका तो अंदर बैठे युगल ने मदद के लिए शोर मचाया।
शादी कर चुके हैं दोनों
पुलिस के अनुसार उनका कहना था कि वे दोनों शादी कर चुके हैं। ऑनर किलिंग के लिए उनकी हत्या की जा सकती है। इस पर पुलिस उन्हें कोतवाली ले आई।
परिजन उन्हें ले जाने के लिए हंगामा भी करते रहे लेकिन सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने उन्हें नहीं छोड़ा। एसएसआई आरके सकलानी ने बताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस को उनकी बरामदगी की सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों को या तो मुजफ्फरनगर पुलिस लेकर जाएगी या बृहस्पतिवार को उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।