कुख्यात गैंगस्टर के नाम पर एक रिक्शावाले ने व्यापारी को जान से मारने की धमकी दे दी। इतना ही नहीं रंगदारी भी मांगी। एक गलती से आया पुलिस की पकड़ में...
बृहस्पतिवार को अनाज मंडी के कारोबारी नलिन गुप्ता से फोन पर कुख्यात सचिन खोखर के नाम पर बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। फोन करने वाले ने रकम न देने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी दी थी। नलिन गुप्ता का कहना था कि फोन पर उसे कई दिनों से धमकी मिल रही थी, पहले तो उसने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन बृहस्पतिवार को उसने मामले की तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित की तहरीर पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू की थी। शुक्रवार को एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने गंगनहर कोतवाली में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अनाज मंडी में इंतजार पुत्र फतेह मोहम्मद निवासी मख्यिाली कलां थाना लक्सर रिक्शा चलाने का काम करता है।
उसने ही सचिन खोखर के नाम से नलिन गुप्ता से रंगदारी मांगी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आरोपी इंतजार को मुखबिर की सूचना पर नया पुल बीटी गंज से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो मोबाइल मय सिम बरामद किए और उसके बाद जेल भेज दिया है।