नीरू सैनी की हत्या करने वालों में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हुआ है।
हालांकि, हुलिया पता न चलने से महिला और उसके साथ घर में घुसे युवक का स्कैच नहीं बन पा रहा है। अब पुलिस नीरू की मोबाइल डिटेल के आधार पर उन महिलाओं के नंबर तलाश रही है, जिनसे उसकी बात हुई।
वारदात में कोई परिचित
दस सितंबर को बदमाशों ने तेगबहादुर रोड स्थित मकान में किरायेदार सतेंद्र सैनी की पत्नी नीरू सैनी (40) की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी।
पुलिस को पहले से शक है कि वारदात में कोई परिचित शामिल था। अब पुलिस ने दावा किया है कि नीरू की एक पड़ोसी ने घटना के दिन दोपहर 12:30 बजे एक महिला और एक युवक को नीरू के घर जाते देखा था।
सटीक स्कैच नहीं बन पा रहे
महिला ने प्रिंटेड साड़ी पहनी थी, जबकि युवक नीली पैंट और सफेद कमीज पहने हुए था। युवक का कद लंबा और शरीर पतला बताया गया है।
लेकिन महिला दोनों का चेहरा नहीं देख सकी थी, जिससे उनके सटीक स्कैच नहीं बन पा रहे हैं। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।