रुद्रपुर में बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद में राजीनामा करने गए युवक को चाकू घोंप दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
ग्राम लंबाखेड़ा रुद्रपुर निवासी पलविंदर सिंह (23) पुत्र निर्मल सिंह अपने साथी गुरविंदर निवासी ग्राम सकैनिया के साथ किसी काम से बाइक से गदरपुर गया था। आवास विकास गदरपुर में उनकी बाइक किसी अन्य बाइक से टकरा गई। बताते हैं कि बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद में पलविंदर और गुरविंदर की गदरपुर के युवकों से गालीगलौज और हाथापाई हो गई थी।
गुरविंदर ने बताया कि बुधवार शाम दूसरे पक्ष ने राजीनामा करने के लिए गदरपुर मंडी में बुलाया था। जब वह और पलविंदर वहां पहुंचे तो दूसरे पक्ष के आधा दर्जन युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
एक युवक ने चाकू निकालकर पलविंदर की कमर में घोंप दिया। गंभीर ष्प से घायल पलविंदर को इलाज के लिए रुद्रपुर के प्राइवेट अस्पताल लाया गया, वहां से उसे रेफर कर दिया गया। हल्द्वान ले जाते समय पलविंदर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इधर, गुरुवार को पलविंदर के शव का रुद्रपुर में पोस्टमार्टम किया गया। विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। मृतक के चाचा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए गदरपुर थाने में तहरीर देने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, एसओ गदरपुर प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि आपसी विवाद में चाकू लगने से युवक की मौत की जानकारी है, लेकिन अभी तक उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।