उत्तराखंड में रुपयों के लालच में एक अंधी मां 'कु'माता बन गई। इस कलयुगी मां ने अपनी ही ममता का गला घोंट दिया।
मां ने 70 हजार रुपयों के लिए अपनी 22 वर्षीय बेटी एक शादीशुदा युवक को बेच दी। पीड़िता ने फोन कर अपनी चाची को मां की करतूत बताई तो रिश्तों की सौदेबाजी की कड़वी सच्चाई बेपर्दा हो गई। पुलिस ने आरोपी मां और युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तरकाशी के इंदिरा कॉलोनी गांव की रजनी कुछ दिन पहले ब्रह्मपुरी, पटेलनगर-देहरादून निवासी अपनी जेठानी के घर पहुंची। यहां दो दिन बाद तक भी उसे अपनी भतीजी नहीं दिखाई दी। युवती की मां बार-बार उसे इधर-उधर की जानकारी देकर बरगलाती रही।
रजनी ने अपने स्तर से युवती की तलाश की, लेकिन उसके संबंध में कोई सुराग नहीं लगा। अगले ही दिन उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसे सुनते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
फोन उसकी भतीजी ने ही किया था। भतीजी ने बताया कि उसकी मां ने उसे बंगाली मोहल्ला निवासी किसी शिवनाथ (30) नामक व्यक्ति के हाथों बेच दिया है। शिवनाथ माली का काम करता है।