कोटद्वार के द्वारीखाल ब्लॉक की एक महिला प्रधान के साथ छेड़छाड़ और गाली गलौच करने के मामले में गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। प्रधान की तहरीर के आधार पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है।
ग्राम पंचायत अमाल्डू की प्रधान रेनू देवी निवासी ग्राम जल्ठा की ओर से 17 दिसंबर को एसडीएम को एक शिकायती पत्र दिया था। प्रधान का आरोप था कि अमाल्डू के मनमोहन उनियाल उसको परेशान कर रहा है।
अकेले देखकर करता था पीछा
ग्राम पंचायत के चुनावों में उनियाल की पत्नी रेखा देवी भी प्रत्याशी थी, लेकिन वह हार गई, इसी बात का द्वेष रखते हुए उनियाल उसे परेशान कर रहा है।
प्रधान का आरोप था कि चुनाव के बाद से ही वह जब भी निजी या गांव के कार्यों से कहीं जाती है तो आरोपी उसका पीछा करता है और अकेले में देखकर अपशब्दों का प्रयोग करता है।
बताया जान का खतरा
महिला का कहना है कि आरोपी से उसको जान का खतरा भी बना हुआ है। प्रधान की शिकायत पर नायब तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला ने मनमोहन उनियाल के खिलाफ छेड़खानी, धमकी देने, गाली गलौच, अपशब्दों, लोक सेवक के कार्यों में बाधा डालने की धारा में मामला दर्ज कर लिया है।