उत्तराखंड के लक्सर में दुकानदार के द्वारा 10 साल की एक किशोरी के साथ छेडछाड़ करने के मामले को लेकर मुंडाखेड़ा गांव में तनाव फैल गया है। आरोपी और उसका परिवार बीती शाम से ही गांव से फरार है।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है वहीं ग्रामीणों ने पंचायत कर आरोपी के परिवार को गांव छोड़ने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा न करने पर जबर्दस्ती उन्हें गांव से खदेड़ने की बात कही गई।
छेड़छाड़ करने का आरोप
रविवार की दोपहर गांव के ही एक दुकानदार पर दस साल की बालिका के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। बालिका उसकी दुकान पर सामान लेने गई थी। घटना के बाद आरोपी दुकान बंद करके गांव से फरार हो गया था।
बालिका के परिजनों ने घटना को लेकर रविवार देर शाम गांव मे हंगामा खड़ा कर दिया था। पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला था।
कोतवाल वीसीएस गुर्साइं ने बताया कि बालिका के परिजनों की ओर से आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
गांव छोड़ने का अल्टीमेटम
वहीं पूर्व प्रधान सुरेंद्र सैनी के आवास पर हुई पंचायत में ग्रामीणों ने घटना पर ऐतराज जताया। आरोपी के परिवार को दो दिन में गांव छोड़ने का अल्टीमेटम सुनाया गया।
चेतावनी दी गई कि यदि दो दिन में आरोपी के परिवार ने गांव नहीं छोड़ा तो उसे जबरन बाहर कर दिया जाएगा। पूर्व प्रधान ने पंचायत की पुष्टि की। वहीं सीओ मनोज कत्याल ने बताया कि कानून अपना काम कर रहा है आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। ग्रामीणों को शांति बनाए रखने चाहिए। किसी को जबर्दस्ती नहीं करने दी जाएगी।